इब्राहिम रिज़वी की लाइव रिपोर्ट
इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में लगी भीषण आग, तीसरी मंजिल में आयोजन के चलते लगभग 100 लोग थे मौजूद, नगर पालिका की सतर्कता से बची कई लोगों की जान।
तीसरी मंजिल में फंसे करीब 100 लोगों को सीढ़ी लगाकर सुरक्षित निकाले।
धार जिले के धरमपुरी नगर के मुख्य मार्ग स्थित राज इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में आज रविवार को दोपहर अचानक अज्ञात कारण से भीषण आग लग गई। दुकान के ऊपर मकान के उद्घाटन समारोह के कारण वहां करीब 100 लोग फंस गए थे। लेकिन नगर पालिका की दमकल टीम इलेक्ट्रिक टीम और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।
कैसे लगी आग क्या कहा प्रत्येकदर्शी ने?
जिस दुकान में आग लगी उसके ठीक सामने एक दवाखाना हैं जहां के डॉक्टर फिरोज ने बताया कि “मेरे दवाखाने के सामने ही राज इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। वहां घर का प्रोग्राम चल रहा था। बोहरा समाज के काफी लोग उपस्थित थे। जब मैं बाहर आया तो देखा आग लग रही है। तो मैंने सबसे पहले हाथ से इशारा करके लोगों को बाहर निकलने को कहा। फिर मैंने धरमपुरी नगर पालिका के अध्यक्ष को फोन लगाया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड, पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया। नगर पालिका और स्थानीय लोगों ने सीढ़ी लगाकर तीसरी मंजिल पर फंसे लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा। कुछ लोगों के अंदर धुंआ गया था , जिनका मैंने प्राथमिक उपचार किया और धामनोद रेफर किया है।”
थाना प्रभारी के अनुसार आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट।
धरमपुरी थाना प्रभारी थाना प्रभारी सरदार सिंह सोलंकी के अनुसार, आग लगने की शुरुआती वजह इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-1 पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
नगर पालिका की सतर्कता बनी जान बचाने का कारण।
दुकान के ऊपर मकान में हो रहे उद्घाटन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और आग के चलते बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया था। स्थिति को गंभीर देखते हुए नगर परिषद की टीम ने तुरंत सीढ़ियां लगाकर दुकान के कांच तोड़े और अंदर प्रवेश कर एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
दमकल विभाग और पुलिस ने मोर्चा संभालकर आग पर काबू पाया। अत्यधिक धुआं जाने से एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और अंदर का धुआं बाहर निकाला जा रहा है।
पुलिस ने की सराहना
थाना प्रभारी सोलंकी ने कहा कि इस जटिल बचाव अभियान में नगर पालिका कर्मियों, दमकल और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। उन्होंने सभी की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की।