आलोट एम: हामिद ईज्जी। बोहरा समाज द्वारा आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट में सुवासरा बोहरा समाज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की।
इस प्रतियोगिता में कुल 9 टीमों ने भाग लिया, जिनमें मंदसौर, कोटा, बूंदी, भानपुरा, रतनगढ़, खेड़ी, प्रतापगढ़, सुनेल और सुवासरा की टीमें शामिल थीं। फाइनल मुकाबला सुवासरा और बूंदी के बीच खेला गया, जिसमें सुवासरा ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
यह टूर्नामेंट बोहरा समाज के तत्वावधान में आयोजित किया गया। समाज के धर्मगुरु हिज़ होलिनेस सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब (त.उ.स.) के संदेशानुसार युवाओं को मोबाइल से दूरी बनाकर खेलकूद में रुचि लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। समाज की विभिन्न संस्थाओं द्वारा क्रिकेट, फुटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेलों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
खेलों में भागीदारी से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य अच्छा रहता है, बल्कि मांसपेशियां मजबूत होती हैं, हृदय स्वस्थ रहता है और शरीर में सहनशक्ति बढ़ती है। सुवासरा टीम की इस जीत से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, और खिलाड़ियों ने इसे समाज के एकता और अनुशासन का प्रतीक बताया।