डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन – मानद डॉक्टरेट की उपाधि से अलंकृत

सूरत। वैश्विक स्तर पर शिक्षा के प्रसार, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और निःस्वार्थ समाज सेवा के प्रति अप्रतिम योगदान को रेखांकित करते हुए, इराक के नजफ स्थित प्रतिष्ठित कुफा विश्वविद्यालय ने दाऊदी बोहरा समुदाय के 53वें अल-दाई अल-मुतलक, डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन को ‘मानद डॉक्टरेट’ (Honorary Doctorate) की उपाधि से अलंकृत किया है। सूरत में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान इराक से आए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें यह उपाधि प्रदान की।

इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व इराक गणराज्य के उच्च शिक्षा एवं वैज्ञानिक अनुसंधान मंत्रालय के सीनियर अंडरसेक्रेटरी प्रो. डॉ. हैदर आबेद धाहद और कुफा विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. डॉ. अला नाजी अलमावला ने किया।

सूरत की ऐतिहासिक धरा पर ज्ञान का संगम समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. डॉ. हैदर आबेद धाहद ने कहा कि डायमंड सिटी सूरत इस ऐतिहासिक सम्मान के लिए अत्यंत उपयुक्त स्थल है। यह नगर दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रमुख शैक्षिक केंद्र ‘अल्जामिया-तुस-सैफिया’ की ऐतिहासिक भूमि रहा है, जो सदियों से ज्ञान और तहज़ीब की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि सूरत में यह मानद उपाधि प्रदान करना दोनों संस्कृतियों के बीच ज्ञान, मानवता और अकादमिक मूल्यों के प्रगाढ़ संबंधों को दर्शाता है।

कुफा यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष प्रो. डॉ. अला नाजी अलमावला ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सैयदना साहब ने उच्च शिक्षा को निस्वार्थ जनसेवा के साथ जोड़कर वैश्विक स्तर पर एक अनुकरणीय मानक स्थापित किया है। यह मानद उपाधि पारंपरिक विद्या, आधुनिक ज्ञान और वैश्विक मानवता की सेवा के प्रति उनके आजीवन समर्पण का औपचारिक सम्मान है।

शिक्षा और मानवीय कल्याण के प्रति समर्पित नेतृत्व सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन सदैव से शिक्षा को समग्र सामाजिक विकास का आधार मानते रहे हैं। वे अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के पूर्व चांसलर रह चुके हैं और वर्तमान में जामिया मिलिया इस्लामिया के चांसलर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। इसके साथ ही वे प्रमुख अरबी अकादमी ‘अल्जामिया-तुस-सैफिया’ के मुख्य संरक्षक भी हैं। उनका दृष्टिकोण पारंपरिक मानवीय मूल्यों और आधुनिक वैज्ञानिक शिक्षा के सामंजस्य पर आधारित है। शिक्षा के अतिरिक्त, उनके मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य और सामुदायिक कल्याण के कई वैश्विक प्रकल्प निरंतर संचालित हो रहे हैं।

गौरतलब है कि नजफ (इराक) स्थित कुफा विश्वविद्यालय इराक के उच्च शिक्षा एवं वैज्ञानिक अनुसंधान मंत्रालय के अधीन संचालित एक प्रमुख शोध व अकादमिक संस्थान है, जहाँ वर्तमान में 40 हजार से अधिक विद्यार्थी चिकित्सा, मानविकी, विधि और प्राकृतिक विज्ञान जैसे विभिन्न विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *